बहुजन समाज पार्टी ने पहले प्रत्याशी घोषणा सम्मेलन में सभी जातियों को साथ लेकर चलने का फैसला लिया गया। मंगलवार को बिधनू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य सेक्टर प्रभारी नौशाद अली ने कहा कि ब्राह्मणों के अलावा पार्टी अनुसूचित जाति के मतदाताओं को लेकर भी पूरे क्षेत्र में जल्द ही विधानसभावार कार्यक्रम करेेगी।
इस अवसर पर उन्होंने पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव को बिठूर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का प्रभारी (प्रत्याशी) घोषित किया। मुख्य सेक्टर प्रभारी ने बताया कि अगले दो तीन महीने के अंदर सभी विधानसभा सीटों पर प्रभारियों (प्रत्याशियों) की घोषणा कर दी जाएगी।
कहा कि प्रत्याशियों का नाम घोषित करने से पहले उस क्षेत्र का संगठन स्तर से सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद ही वहां पर प्रत्याशी के नाम जारी हाेंगे। उन्होंने बताया कि बिठूर प्रत्याशी का नाम भी काफी विचार विमर्श के बाद घोषित किया गया।
अब दो अगस्त को पार्टी सिकंदरा विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशी का नाम घोषित करेगी। यहां पर पार्टी ने ब्राह्मण को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस अवसर पर प्रत्याशी रमेश यादव ने कहा कि पार्टी की तरफ से उन पर जो भरोसा दिखाया गया है, उस पर खरे उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
इस अवसर पर एमएलसी भीमराव अंबेडकर, प्रवेश कुरील, राजकुमार कप्तान, डीआर त्यागी, बौद्घप्रिय गौतम, अध्यक्ष रामशंकर कुरील, उपाध्यक्ष मोहन मिश्रा, प्रभांश कुरील, दीप सिंह, मनोज दिवाकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।