बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठ गई। बारातियों की बस का इंतजार कर रहे युवक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। गमगीन माहौल में शादी की रस्में पूरी की गईं। दुल्हन को विदा कराए बिना बारात लौट गई। मामला यूपी के बांदा जिले का है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जौरही गांव निवासी होरीलाल (14) पुत्र रग्घू गुरुवार को शाम चाचा सुभील के साथ जारी मोड़ पर खड़े होकर बारातियों की बस का इंतजार कर रहा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल को जिला अस्पताल लाया गया।
शुक्रवार को सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चाचा ने बताया कि मृतक कक्षा छह का छात्र था। तीन भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था।
उधर, घर पर मौत की खबर पहुंचते ही शादी की खुशियां काफूर हो गईं। शहनाई की जगह महिलाओं का करुण क्रंदन सुनाई देने लगा। बेहद गम भरे माहौल में शादी की पूरी रस्में पूरी की गईं।