कन्नौज के छिबरामऊ में लॉकडाउन के बाद घर तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिला तो किशोर को पिता के साथ 47 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ी। पांव की तरफ बार-बार निहार रहा किशोर घर पहुंचने की आस में बढ़ता जा रहा था।
सिकंदरपुर कस्बा निवासी डब्लू अपने बेटे रिहान के साथ फिरोजाबाद में एक अंत्येष्टि संस्कार में शामिल होने के लिए गए थे। यह बुधवार को घर आने के लिए निकले। डग्गामार वाहनों से किसी तरह मैनपुरी जनपद के भोगांव तक पहुंच गए।
यहां वाहन मिलने की उम्मीद दिखाई नहीं दी। पिता-पुत्र ने हिम्मत नहीं हारी। यह बैग को कंधे पर लादकर पैदल चल पड़े। दोपहर के समय पसीने से तर-बतर व भूख से परेशान बाप-बेटे नगर में पहुंचे। गुरुवार शाम को दोनों अपने घर पहुंचे तो राहत की सांस ली।