एसआईटी ने अफसरों को लापरवाही का दोषी मानते हुए नियुक्ति विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। नियुक्ति विभाग ने तीनों अफसरों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।
कानपुर में शासनादेश के बावजूद असलहा लाइसेंस की जांच ठीक से न करने के आरोप में जिले में तैनात रहे तीन पीसीएस अफसरों के खिलाफ नियुक्ति विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर आख्या मांगी है।
विज्ञापन
कानपुर में तैनात रहे एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव, तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट रवि श्रीवास्तव और एसीएम 7 व असलहा प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह पर बिकरू कांड की जांच कर रही एसआईटी ने काम में लापरवाही करने के आरोप लगाए थे। एसआईटी ने जांच में पाया था कि अगर शासन के निर्देश के अनुसार असलहा लाइसेंस का सत्यापन हुआ होता तो बिकरू कांड जैसी घटना से पहले ही आपराधिक छवि वाले विकास दुबे और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों के असलहों को जब्त कर लिया जाता।
एसआईटी ने अफसरों को लापरवाही का दोषी मानते हुए नियुक्ति विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। नियुक्ति विभाग ने तीनों अफसरों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं। विवेक श्रीवास्तव बलिया में मुख्य राजस्व अधिकारी, अभिषेक कुमार एडीएम फाइनेंस फिरोजाबाद हैं। रवि श्रीवास्तव रिटायर्ड हो चुके हैं।