रूरा। खुमानपुरवा गांव के सामने झींझक रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। इसमें पुत्र घायल हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है। हेलमेट लगाने से बेटे की जान बच गई।
अलावलपुर निवासी रामजानकी (52) मंगलवार की शाम को पुत्र मंगल के साथ रूरा से अलावलपुर जा रही थीं। झींझक रोड पर खुमानपुरवा गांव के सामने बाइक पहुंचने पर पीछे से मौरंग लाद कर ले जा रहा ट्रैक्टर ओवरटेक करने लगा। इसी दौरान ट्रैक्टर की बाइक में जोरदार टक्कर लगी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में रामजानकी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र मंगल घायल हो गया। इधर, हादसा होता देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल मंगल को अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में लिया गया है। चालक के बारे में जानकारी कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।