सिकंदरा(कानपुर देहात)। अमराहट थाना क्षेत्र के महटौली गांव के सामने हाईवे पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बच्चा घायल हो गया। हेलमेट लगाए होने से पति की जान बच गई।
अमराहट के करियापुर गांव निवासी अजय कुमार राजपूत (35) थाना फफूंद जिला औरैया स्थित ससुराल गनू का पुरवा गांव से पत्नी लक्ष्मी देवी (30) और 5 वर्षीय बेटा दीपांशु को बाइक से लेकर लौट रहे थे। महटौली गांव के सामने हाईवे पर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने लक्ष्मी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बच्चे दीपांशु व अजय का उपचार किया। महिला की मौत पर देवर अमित राजपूत अन्य परिजन पहुंच गए।
थाना निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर लेकर चालक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।