गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम तिवर लालपुर निवासी खूबेलाल (50) अपने लोडर में गल्ला, सरसों लेकर औरैया जा रहे थे। लोडर में गांव के अन्य किसान अपना-अपना गल्ला बोरियों में भरकर और कुछ लोग अपने साथ बकरियां लेकर औरैया बाजार में बेचने जा रहे थे। मुरादगंज के हाईवे पर ओवरब्रिज के ढाल पर एक बकरी के अचानक सामने आने पर लोडर चालक ने ब्रेक लगा दिया, जिससे लोडर पलट गया। उसमें बैठी सवारियां घायल हो गईं। मौके पर पहुंचे कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला। हाईवे पुलिस, कोतवाली पुलिस और हाईवे एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी से दस लोगों को सैफई रेफर कर दिया। सैफई में छोटे लाल (65) पुत्र बंशी, वृंदावन (65) पुत्र कुंजी, रामकेश (60) पुत्र गेंदालाल की मौत हो गई। अन्य घायलों का वहां उपचार चल रहा है।