कानपुर में बिधनू गोली कांड में मृतक की पत्नी प्रीति ने रविवार को पुलिस को अपने बयान दर्ज कराए। प्रीति ने कहा कि काफी देर तक विवाद चल रहा था। अचानक मेरे ससुर कमरे से बाहर आए और बंदूक से मेरे पति को गोली मार दी। जब गोली मारी थी तो उनकी बेटी भी पति की गोद में ही थी।
गोली मारने के बाद वह फरार हो गए थे। कुछ ही देर बाद पति की मौत हो गई। पुलिस ने बयानों को जांच में शामिल कर लिया है। प्रीति ने दोबारा तहरीर पुलिस को दी। बिधनू के द्विवेदी नगर निवासी कमल द्विवेदी (28) की 22 सितंबर की रात घर पर ही गोली लगने से मौत हो गई थी।
कमल की मां गीता ने अपने पति मनोज और बहू प्रीति पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। प्रीति ने मनोज पर सीधे हत्या का आरोप लगा तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने उस तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। पुलिस ने प्रीति को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था।
रविवार शाम को प्रीति बिधनू थाने पहुंची। बयानों में उसने कहा कि ससुर मनोज उसपर पर गंदी नजर रखते थे। इसी बात का विरोध कमल ने उस रात किया था। विवाद कई घंटे तक चला। देर रात एक से दो बजे के बीच कमल अपनी नौ महीने की बच्ची को गोद में लेकर घर के भीतर खड़े हुए थे। तभी मनोज कमरे से बाहर आए और बंदूक से कमल को गोली मारकर फरार हो गए थे। यही आरोप लगा प्रीति ने तहरीर भी दी।
एक बार विवाद शांत होने के बाद कर दी हत्या
प्रीति ने बताया कि देर शाम से ही विवाद शुरू हो गया थ। मनोज शराब के नशे में थे। आधी रात को वह राइफल लेकर घर से कुछ दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप पर चले गए थे। यहां पर उन्होंने राइफल से दो राउंड हवाई फायरिंग की थी।
गोलियों की आवाज सुनकर कमल वहां पहुंचे थे और मनोज को किसी तरह से मनाकर घर ले आए थे। कमरे में उनको भेज दिया था। इस दौरान विवाद लगभग शांत हो गया था। फिर अचानक मनोज ने वारदात को अंजाम दे डाला।
आरोपी पर पुलिस की नरमी
मनोज फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी करने की जहमत नहीं उठा रही है। आउटर पुलिस के अफसरों का कहना है कि जांच चल रही है। जांच के बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। ऐसे में सवाल है कि हत्या हो या गैर इरादतन हत्या। दोनों गंभीर मामले हैं। इसके बावजूद पुलिस इसमें आरोपी पर नरमी बरत रही है। पुलिस के इस रवैये से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।