पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुजगवां गांव के पास स्थित ईट भट्ठे में कार से पहुंचे छह लोगों ने खुद को एंटी करप्शन टीम का अधिकारी बताकर जांच पड़ताल की। इसके बाद खामियां बताकर भट्ठा सीज करने की धमकी दी।
कार्रवाई से बचने के लिए भट्ठा संचालक से बीस हजार रुपये मांगे। वहीं सूचना पर पहुंचे अन्य भट्ठा मालिकों ने कार से पहुंचे लोगों से पूछताछ की तो कोई सही जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद भट्ठा मालिकों ने पुलिस को सूचना देकर सभी को उन्हें सौंप दिया। पुलिस पकड़े गए लोगों को कोतवाली ले आई है।
सुजगवां गांव के पास स्थित न्यू अजमेरी ईट भट्ठा के मुनीम राजकुमार मिश्र ने बताया कि रविवार को एक कार से छह लोग उनके भट्ठे पर पहुंचे। लोगों ने खुद को एटी करप्शन टीम का अधिकारी बताकर भट्ठे में पड़ी लकड़ी, भूसा, कोयला की जांच शुरू कर दी।
इस दौरान भट्ठे में कई खामियां बताकर उसे सीज करने की बात कही। कुछ देर बाद कार्रवाई से बचने के लिए बीस हजार रुपये की मांग करने लगे। जब रुपये देने से मना किया तो गाली गलौज कर धमकी देने लगे। इसकी सूचना उसने मालिक अमीनुद्दीन व भट्ठा यूनियन के पदाधिकारियों को दी।
मौके पर सभी लोग पहुंच गए और कार से आए लोगों से पूछताछ की तो वह सही जानकारी नहीं दे सके। इस पर उनको पकड़ कर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पहुंची पुलिस उनको अपने साथ कोतवाली ले गई। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पड़ताल कराई जा रही है।