कानपुर में बर्रा से लैब टेक्नीशियन संजीत यादव अपहरण के मामले में बर्रा थाना प्रभारी रणजीत राय की बड़ी लापरवाही को देखते हुए एसएसपी दिनेश कुमार पी ने गुरुवार को उन्हें निलंबित कर दिया। सर्विलांस प्रभारी हरमीत सिंह को बर्रा थाने का चार्ज सौंप दिया।
25 दिन बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। फिरौती की रकम देने के 72 घंटे बाद भी पुलिस अपहर्ताओं तक नहीं पहुंच सकी है। बदमाशों ने जिस मोबाइल से फिरौती मांगी थी, वह भी बंद हो गया है। स्वाट टीम को उस मोबाइल की अंतिम लोकेशन फतेहपुर के बिंदकी मिली थी।
एक टीम बिंदकी में अपहर्ताओं की तलाश में जुटी है। बर्रा पांच निवासी चमन सिंह यादव का इकलौता बेटा संजीत कुमार 22 जून की शाम से लापता है। परिजनों ने 24 घंटे बाद ही बेटे की तलाश के लिए पुलिस से संपर्क किया, लेकिन पुलिस टालमटोल करती रही।
29 जून की शाम को पिता के फोन पर अपहर्ता ने फोनकर 30 लाख की फिरौती मांगी। फिरौती की रकम जुटाने के लिए अपहर्ता ने उन्हें सोमवार तक का समय दिया था। परिजन बदमाशों से हो रही बातचीत की खबर पुलिस को देते रहे, लेकिन पुलिस के कानों में जूं न रेंगी।