उन्नाव जिले में तेरह दिन पहले बारासगवर थानाक्षेत्र में 9 साल की बच्ची की हत्या उसकी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। बाद में गांव के दो अन्य व्यक्तियों के साथ साजिश कर पुरानी खुन्नस में पड़ोसी सहित पांच पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विनोद कुमार पांडेय ने मीडिया को बताया कि बीती 3 जुलाई को बारासगवर थानाक्षेत्र के ग्राम दरियाबाद निवासी महेश कुमार की 9 साल की बेटी अंशिका का शव उसके ही घर में चारपाई पर पाया गया था।
उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। बेटी की हत्या के बाद पिता महेश ने गांव में ही रहने वाले रमेश उर्फ कल्लू, अवधेश, राजेश, रामबहादुर व सतरूपा के खिलाफ पुरानी रंजिश में बेटी की हत्या कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे साक्ष्य मिले जिनसे बच्ची की हत्या में उसके परिवार के किसी नजदीकी का हाथ होने का शक हुआ। मृतका की मां, पिता अन्य लोगों से अलग-अलग पूछताछ की गई तो घटना का रहस्य उजागर हुआ।