कानपुर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने फजलगंज स्थित नवनिर्मित बरातशाला का मंगलवार को निरीक्षण किया। उन्होंने जोन पांच के अधिशासी अभियंता को अप्रैल में इसकी बुकिंग शुरू कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता कमलेश पटेल ने बताया कि 2014 वर्गमीटर की बरातशाला पर 3.90 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसका 95 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। इसमें 250-350 लोगों की क्षमता है। पांच कमरे, शौचालय, रिसेप्शन और 50 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। नगर आयुक्त ने लॉन का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने को कहा। परिसर में एक कमरे में अवैध कब्जा पाया गया जिसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। बगल के बाजार के स्वामित्व की जांच के भी आदेश दिए।
झकरकटी तालाब का लिया जायजा
नगर आयुक्त ने बैंक ऑफ बड़ाैदा फजलगंज से फायरब्रिगेड तक सड़क का भी निरीक्षण किया। सड़क के दोनों ओर धूल और अतिक्रमण मिलने पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। झकरकटी बस अड्डे के पास तालाब के सुंदरीकरण कार्य का भी जायजा लिया। यह कार्य 4.32 करोड़ रुपये की लागत से 15 मार्च 2024 को मेसर्स श्रीराम इंफ्रास्ट्रक्चर को सौंपा गया है। नगर आयुक्त ने इसे मेट्रो व यूपीएसआरटीसी प्रोजेक्ट के साथ समन्वय कर पूरा करने को कहा।