भीटी कुर्सी गांव में कब्र खोदते मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक फैक्टरी में काम करने वाले कानपुर देहात के रसूलाबाद के भीटी कुर्सी गांव निवासी मजदूर की दो साल पहले मौत हो गई थी। मामले में पत्नी ने हत्या का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस पर कर्नाटक पुलिस रसूलाबाद पहुंची और एसडीएम व पुलिस की मौजूदगी में मजदूर की कब्र की खुदाई कराई गई। कब्र में मिले अस्थिपंजर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के भीटी कुर्सी गांव की रेहाना ने बताया कि पति रशीद वर्ष 2018 में कर्नाटक के बेंगलुरु की एक फैक्टरी में काम करता था।
उसके पति की मौत के बाद फैक्टरी मालिक ने मुआवजा देने की बात कही। तत्कालीन प्रधान कमलेश के सामने मामले का समझौता किया गया। बाद में मालिक ने मुआवजा देने से मना कर दिया। इसके बाद एक जनवरी 2019 को महिला ने कानपुर कोर्ट में हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए वाद दायर किया था।
जिस पर मार्च में रसूलाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामला कर्नाटक पुलिस को भेज दिया था। जिस पर कर्नाटक पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। बुधवार को मामले की जांच के लिए बेंगलुरु के थाना माडनाय कनाली पुलिस रसूलाबाद पहुंची।
एसडीएम से मिलकर शव के पोस्टमार्टम की बात की। इसके बाद एसडीएम अंजू वर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंची। वहां कर्मियों से कब्र की खुदाई कराई गई। इस दौरान वहां मिले अस्थिपंजर को बाहर निकाला गया। कर्नाटक पुलिस के एसआई एस मुरलीधरन ने बताया कि डीएनए टेस्ट कराकर प्रमाणित किया जाएगा कि हड्डियां किसकी हैं। शव के अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।