कानपुर देहात/रसूलाबाद। जिले में डेंगू व बुखार लगातार कहर बरपा रहा है। रसूलाबाद निवासी बीएससी के छात्र की कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में डेंगू से मौत हो गई। जिले में डेंगू व बुखार से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 55 पहुंच गया है।
रसूलाबाद कस्बा के शास्त्रीनगर निवासी मो. कफील का बेटा आदिल मंसूरी (20) बीएससी फाइनल का छात्र था। वह घर में ही जन सेवा केंद्र चलाता था। परिजनों ने बताया कि 9 अक्तूबर को आदिल को तेज बुखार आने पर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने टायफाइड होने की बात कही। हालत बिगड़ने पर परिजन 12 अक्तूबर को उसे कानपुर कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां रैपिड किट से डेंगू की पुष्टि हुई। वहां भी आराम न मिलने पर परिजनों ने आदिल को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, बुधवार की रात उसने दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह शव घर आने पर मां रजिया, बाबा साबिर, भाई सोहेल, चाचा आरिफ सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल रहा।
रसूलाबाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि मृतक की रैपिड किट से डेंगू पुष्टि होने की जानकारी मिली है। एलाइजा टेस्ट नहीं कराया गया है। स्वास्थ्य टीम को भेजकर विस्तृत जानकारी कराई जाएगी।