औरैया जिले में बिधूना विकास खंड क्षेत्र में तैनात बीईओ ने बिधूना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आठ शिक्षकों के खिलाफ कार्यालय में बंधक बनाकर मारपीट करने व चेन लूट ले जाने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में केवल धक्कामुक्की व खींचतान किए जाने की बात सामने आ रही है।
खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश यादव ने बिधूना कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया चार अक्तूबर को वह अपने कार्यालय में विभागीय काम कर रहे थे। तभी विकास खंड में कार्यरत एक शिक्षक ने उन्हें दोपहर लगभग ढाई बजे फोन किया और कार्यालय में होने की जानकारी ली।
आरोप है शाम लगभग साढ़े चार बजे कार्यालय पहुंचे आठ शिक्षकों ने कक्ष में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया। शिक्षकों ने अभिलेखों से छेड़छाड़ की व उनके साथ गालीगलौज कर मारपीट की। बीईओ ने दी तहरीर में बताया कि हमलावर लोग गले में पड़ी 20 ग्राम सोने की चेन भी तोड़कर ले गए।