जानकारी देता पीड़ित ठेका संचालक
- फोटो : अमर उजाला
महोबा के एक शराब ठेका संचालक और महिला दरोगा का ऑडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें शराब ठेका संचालक व महिला दरोगा के बीच रुपयों को लेकर बातचीत हो रही है। इसमें महिला दरोगा ठेका संचालक से कहती सुनाई दे रहीं हैं कि हम भी काम आ सकते हैं, 10 हजार भिजवा दो। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो के मामले में शराब ठेका संचालक ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन उनकी देशी शराब की दुकान में काफी ग्राहक थे। महिला दरोगा यहां से होकर गुजरीं और अच्छी भीड़ देखकर दो दिन बाद फोन करके मुनीम से 20 हजार रुपयों की मांग की। कई बार फोन करने के बाद भी जब रुपये नहीं दिए तो उन्होंने कॉल करके रुपयोंं की मांग की। वायरल ऑडियो में महिला दरोगा कहती सुनाई दे रही हैं कि जितना हो सके करवा दीजिए, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है, हम भी काम आ सकते हैं। जितना खुशी से हो सके, हमें 11 बजे तक करवा दीजिए। व्यापारी ने पांच हजार रुपये देने के लिए ऑफर किया तो जवाब में महिला दरोगा ने कहा कि दस से क्या कम करोगे, शर्मिंदा करोगे। शराब ठेका संचालक और महिला दरोगा के बीच बातचीत का यह ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। उधर, पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच सीओ सिटी दीपक दुबे को सौंपी गई है।