कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में गोरखपुर लायंस ने आर्यन जुयाल को कप्तान बनाया है। जबकि कानपुर के तेज गेंदबाज अंकित राजपूत मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे। टीम के मालिक विशेष गौर ने गुरुवार को नए कप्तान और उपकप्तान की घोषणा की।
विशेष गौर ने बताया कि चौथे सीजन में आर्यन जुयाल टीम के कप्तान और शिवम शर्मा उपकप्तान होंगे, जबकि अंकित राजपूत मुख्य कोच के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। इससे पूर्व टीम की कमान लखनऊ के अक्शदीप नाथ के हाथों में थी। शहर के अंकित राजपूत लंबे समय तक उत्तर प्रदेश और घरेलू क्रिकेट में अपनी तेज गेंदबाजी का लोहा मनवा चुके हैं। उन्हें आईपीएल का लंबा अनुभव है। टीम ने मिनी ऑक्शन में शिवम चौधरी को 21 लाख में शामिल कर शीर्ष क्रम को मजबूत किया है।
वह एक अनुभवी सलामी बल्लेबाज हैं और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। यूपी टी-20 लीग का आगाज 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जबकि ग्रीनपार्क स्टेडियम में तीन सितंबर से प्लेऑफ मुकाबले शुरू होंगे। छह सितंबर को ग्रीनपार्क में फाइनल खेला जाएगा। कुल 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 34 मुकाबले आयोजित होंगे।