कानपुर में क्राइम ब्रांच ने मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर सरगना समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह पिछले कुछ वर्षों में दस हजार से अधिक मोबाइल चोरी कर नेपाल और बांग्लादेश में सप्लाई कर चुका है।
विज्ञापन
आरोपियों के पास से चोरी के 22 मोबाइल और मादक पदार्थ भी बरामद हुआ। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको जेल भेजा गया। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल ने बताया कि मछरिया निवासी मोहम्मद शानू, शाहगंज (जौनपुर) के गौतम उपाध्याय, ललित मोहन, प्रदीप, दिलीप, आजमगढ़ के शहजादे, बाबूपुरवा के राजा, जुनैद और जादेव, उन्नाव के परवेज को गिरफ्तार किया गया।
गिरोह का सरगना शानू है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से मोबाइल चोरी का काम कर रहे हैं। चोरी किये गए मोबाइल बहराइच बार्डर से नेपाल और त्रिपुरा बार्डर से बांग्लादेश सप्लाई करते हैं। गिरोह का कनेक्शन शहर के डी-80 गैंग से पाया गया है।
विज्ञापन
गैंग का सरगना रेहान उर्फ गुड्डू व शफीक उर्फ भतीजा है। ये भी इसी तरह से मोबाइल चोरी और सप्लाई का करते थे। डी-80 गैंग ने ही शानू के गैंग को तैयार किया है। इसलिए पुलिस ने रेहान व शफीक को भी आरोपी बनाया है।