कानपुर। कोडीन युक्त सिरप फेंसिपिक-टी की 10,500 बोतलों की खरीदारी अर्रा स्थित मेडिकल स्टोर सिसोदिया मेडिसिन हाउस के संचालक विशाल सिंह ने की, लेकिन उसे कहां बेचा यह जानकारी नहीं दे पाए हैं। मामले में ड्रग विभाग ने चार नवंबर को थाना हंसपुरम में तहरीर दी थी जिस पर छह नवंबर को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्रग विभाग के पास विशाल सिंह की ओर से नशीली दवाओं की खरीदारी की सूचना मिलने पर 16 अक्तूबर को ड्रग इंस्पेक्टर ओमपाल, रेखा सचान और इटावा से नीलेश शर्मा की संयुक्त टीम ने नौबस्ता के अर्रा स्थित सिसोदिया मेडिकल स्टोर पर छापा मारा था। यहां उसकी पत्नी वर्तिका मिलीं। टीम को स्टॉक तो नहीं मिला लेकिन खरीदारी के साक्ष्यों के सापेक्ष में उसकी पत्नी दवाओं की खरीद बिक्री का लेखा जोखा नहीं दिखा पाई। विशाल सिंह ने लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आरपिक फार्मास्युटिकल्स प्रा. लि. से 10,500 बोतल फेंसिपिक-टी की खरीदी थीं। ड्रग विभाग ने विशाल सिंह को करीब 20 दिन का समय अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए दिया था जो चार नवंबर को पूरा हो गया। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने थाना में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई।