कानपुर। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाले फार्मर रजिस्ट्री अभियान की रफ्तार धीमी है। दिसंबर 2024 में शुरू हुआ यह काम 31 जनवरी तक पूरा होना था लेकिन 10 महीने बीत जाने के बाद भी जिले में सिर्फ 55 फीसदी किसानों ने पंजीकरण कराया है। मामले में प्रदेश में जिला 33वें स्थान पर है। शासन स्तर से जारी लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिदिन समीक्षा बैठक की जा रही है।
राज्य सरकार ने अब सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 30 नवंबर तक हर गांव में किसान पंजीकरण शिविर लगाकर कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही शिविरों की समय-सारिणी बनाकर राज्य स्तर पर साझा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिले में कुल 241877 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य है। अब तक एक लाख 34 हजार 138 किसानों (55.46 फीसदी) की रजिस्ट्री पूरी हो सकी है। एक लाख सात हजार किसानों की प्रविष्टियां अभी लंबित हैं। करीब 45 फीसदी किसानों की रजिस्ट्री लंबित पड़ी है। बता दें कि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि जनवरी 2026 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी होगी।
जिले के 55 फीसदी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो गई है। शेष किसानों की करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गांव-गांव कैप लगाकर अब रजिस्ट्री की जाएगी।
आर एस वर्मा, उपनिदेशक कृषि