मंदिर में दर्शन करने के लिए लगी भक्तों की भीड़। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम(कन्नौज)। रोहली गांव में मोक्ष दायिनी मां जाहरा देवी मंदिर में तीसरे शनिवार को भक्तों ने मत्था टेककर मन्नत मांगी। अनाज का चढ़ावा चढ़ाकर दुकानों से देसी बीजों की खरीदारी की। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। भक्तों ने बताया कि जाहरा देवी की कृपा से पशु बीमार नहीं होते हैं।
मां जाहरा देवी के दरबार में उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा, राजस्थान, बिहार, झारखंड, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के मुरैना, भिंड, ग्वालियर के भक्तों के आने का सिलसिला शुक्रवार शाम से शुरू हो गया था। शनिवार सुबह मंदिर के पट खुलते ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान हुई बारिश में भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। मां के दरबार में मत्था टेकने के बाद लोगों ने दुकानों से देसी गाजर, मूली, पालक मेथी के बीज खरीदे। मांग बढ़ने पर दुकानदारों ने बीजों को दोगुने दाम में बेचा।
दुकानदार कामता प्रसाद ने बताया कि 250 रुपये में बिकने वाला गाजर बीज 500 में बिका। राजस्थान के पशु व्यापारी अजय मीना, प्रभु मीना ने बताया कि वहपशुओं का व्यापार करते हैं। देवी मां की कृपा से कभी घाटा नहीं हुआ। झारिया ( झारखंड)के धनक प्रसाद झा, बिहार के सुखजीत पासवान ने बताया कि वह कई सालों से दर्शन करने आ रहे हैं। कोरोना काल में पिछले साल भी आए थे। मां की कृपा से पशु बीमार नहीं पड़ते हैं। थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल, दरोगा नन्हेंलाल समेत कई थानों की पुलिस मौजूद रही।