यूपी में इटावा जिले के बकेवर में मजार में हरा रंग पोतने का विरोध कर कुछ अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर तुरंत हालात काबू में कर लिए। हिरासत में लिए लोगों को बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
अहेरीपुर में बनी दादा श्यामल शाह बाबा की दरगाह की पोताई का काम शनिवार को चल रहा था। सुबह करीब आठ बजे कुछ अराजक तत्वों ने मजार पर गहरा हरा रंग पोतने पर मुल्तवी मुन्ना खान से विरोध जताया। इस पर दूसरे पक्ष के लोग भी आ गए और कहासुनी शुरू हो गई।
सूचना पर अहेरीपुर चौकी इंचार्ज संतोष कुमार सिपाहियों के साथ पहुंचे और थाना प्रभारी बकेवर को सूचना दी। एसपी ग्रामीण रामबदन सिंह ने फोर्स को अहेरीपुर भेजा। कुछ देर में इंस्पेक्टर चकरनगर बलराज साही, एसओ लवेदी विनोद यादव, थाना प्रभारी भरथना भी पहुंचे और भीड़ लगाए लोगों को खदेड़ दिया। दो युवकों को हिरासत में भी ले लिया गया। कुछ घरों में भी पुलिस ने दबिश दी। हिरासत में लिए लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।