कानपुर में गृहकर जमा न करने पर नए साल के पहले दिन महापौर ने जेड स्क्वायर मॉल में ताला लगाया। मॉल के तीन गेटों को सील करने के बाद वहां मौजूद कर्मियों, ग्राहकों आदि को चौथे गेट से बाहर निकलने की मोहलत दी गई। दो घंटे बाद एक करोड़ रुपये की चेकें मिलने पर सील खोली गई।
जेड स्क्वायर मॉल पर 13.57 करोड़ रुपये गृहकर बाकी है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे महापौर, कार्यवाहक नगर आयुक्त भानु प्रताप सिंह, सभी छह जोनों के प्रभारियों सहित अन्य अफसरों के साथ जेड स्क्वायर मॉल पहुंचीं। मॉल के चार में से तीन गेटों पर ताला लगाकर सील कर दिया।
माल रोड की तरफ स्थित चौथे गेट से मॉल के कर्मियों, ग्राहकों आदि को निकलने की मोहलत दी गई। जेड स्क्वायर के वकील ने महापौर को जल्द गृहकर जमा करने का आश्वासन दिया। इसके लिए समय मांगा। बताया कि जेड स्क्वायर के मालिक लंदन में कोरोना के नए स्ट्रेन में फंसे हैं।
महापौर ने उनकी दलील मानने से इनकार करते हए कहा कि दो साल पहले भी उन्हें गृहकर जमा करने का आश्वासन दिया गया था, पर भुगतान नहीं किया। पूरी तरह सीलिंग की नौबत आते देख वहां शोरूम बंद होने लगे। दुकानदार, कर्मी, ग्राहक लौटने लगे। यह देख मॉल का वकील 50 लाख की चेक देने लगा।
महापौर को न मानते देख उन्होंने 50 लाख और 25-25 लाख की दो चेक दीं। शेष भुगतान जल्द करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सील खोली गई। कार्रवाई में अपर नगर आयुक्त (द्वितीय) अरविंद राय, अपर नगर आयुक्त (तृतीय) रोली गुप्ता, अपर नगर आयुक्त राजेश गुप्ता, प्रवर्तन दस्ते के प्रभारी कर्नल आलोक नारायण और सभी जोनों के प्रभारी मौजूद रहे।