अक्षय तृतीया पर इस बार एक हजार से ज्यादा शादियां होंगी। इसके लिए गेस्ट हाउस, लॉन, होटलों की बुकिंग हो चुकी है। 250 से 300 मेहमानाें वाली पार्टियां सबसे ज्यादा हो रही हैं। गुरु अस्त होने के कारण इस बार पिछले साल की तुलना में शादियां कम हो रही हैं। इसके बाद भी सौ करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान है। शादियों के चलते, कपड़ा, सोना-चांदी और मेवा बाजार रफ्तार पकड़ने लगा है।
22 अप्रैल को अक्षय तृतीया है। इस तिथि को अबूझ मुहूर्त कहा जाता है। इस दिन सबसे ज्यादा शादियां, गृह प्रवेश होते हैं। सोना-चांदी आदि की खरीद की जाती है। हालांकि इस बार गुरु अस्त चल रहे हैं। जो 29 अप्रैल को खत्म हो रहा है। इसके बाद भी शहर
में बड़े पैमाने पर शादी समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। पिछले सालों की तर्ज पर कम मेहमानों को बुलाने का चलन इस बार भी देखा जा रहा है। पहले लोग 500 से 700 मेहमानों को बुलाते थे। अब 250 से तीन सौ मेहमानों वाली पार्टियां ज्यादा होने लगी हैं। हालांकि खर्च पहले की तुलना में बढ़ा है।
बातचीत
अक्षय तृतीया पर इस बार शहर में एक हजार से ज्यादा शादियों के लिए लॉन, होटल, गेस्ट हाउसों की बुकिंग हुई है। 50 करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान है। इस बार भी कम मेहमानों वाली पार्टियां सबसे ज्यादा आयोजित की जा रही हैं। - राजकुमार भगतानी, महामंत्री, कानपुर, होटल, गेस्ट हाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
अक्षय तृतीया बहुत शुभ और अबूझ मुहूर्त होता है। इस दिन खरीदारी करना बेहद शुभ होता है। इस लिए लोग सोना-चांदी की खरीदारी करते हैं। इस बार गुरु अस्त होने के कारण मांगलिक कार्यक्रम हो रहे हैं लेकिन संख्या पिछले साल की तुलना में कम है।- पंडित पीएन द्विवेदी, ज्योतिषाचार्य
सहालगी मांग शुरू हो गई है। इस बार बहुत अच्छे कारोबार की उम्मीद है। अक्षय तृतीया पर शहर में बड़ी संख्या में शादियां हो रही हैं। लहंगा, साड़ियों की अच्छी मांग देखी जा रही है। मई में भी शहर में हजारों शादियां हैं।- रूमित सिंह सागरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कानपुर कपड़ा कमेटी।
अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी की अच्छी बिक्री होती है। जिन घरों में शादियां होती हैं वो इस दिन डिलीवरी भी लेते हैं। शादियों के लिए लोग खरीदारी भी कर रहे हैं। 30 से 50 करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान है। हालांकि मौजूदा समय में सोने-चांदी की कीमतें ज्यादा हैं।- आशू शर्मा, अध्यक्ष, कानपुर महानगर बुलियन एंड सराफा एसोसिएशन