शहरवासियों को नए साल में इलेक्ट्रिक बस, मेट्रो ट्रेन के साथ एयरपोर्ट टर्मिनल की सेवाओं का लाभ मिल सकता है। जनवरी के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जरिये इन तीनों विकास कार्यों का लोकार्पण कराने की योजना है।
जिला प्रशासन इसी संभावित समय के हिसाब से तैयारियों में जुटा है। मेट्रो ट्रेन और इलेक्ट्रिक बसों के लिए तो पहले से ही तैयारी चल रही है। अब एयरपोर्ट टर्मिनल का काम 15 नवंबर तक खत्म करने की डेडलाइन तय की गई है।
शुभारंभ की संभावित तारीख पहली जनवरी है। टर्मिनल का काम अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के विशेष सचिव और निदेशक रहे विशाख जी की निगरानी में चल रहा था। अब ये कानपुर के जिलाधिकारी हैं, इसलिए इस टर्मिनल की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी इन्हें ही दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि टर्मिनल का काम लगभग 80 फीसदी पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट से एनएच-2 (कानपुर-प्रयागराज हाईवे) को जोड़ती फोरलेन सड़क बनाने के लिए 53 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है। इनमें से 25 करोड़ रुपये मिल चुके हैं।
पौने तीन किलोमीटर की सड़क के लिए लगभग 40 फीसदी जमीन का अधिग्रहण हो गया है। शेष अधिग्रहण इस माह के अंत तक कराने के लिए एडीएम (भूअध्याप्ति) को निर्देशित किया गया है। रक्षा मंत्रालय से एनओसी लेने की कवायद चल रही है।