कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस की चार फ्लाइटें 15 अक्तूबर से शुरू हो रही हैं। दक्षिण भारत के लिए हैदराबाद और बंगलूरू की फ्लाइट भी इंडिगो शुरू कर रही है। अगर यात्री अभी इन फ्लाइटों में टिकट बुक कराते हैं तो उन्हें ट्रेन के किराये के बराबर जहाज का टिकट मिल जाएगा। 24 घंटे से अधिक ट्रेन में सफर करने के बजाय जहाज में उतना किराया खर्च कर दो घंटे में हैदराबाद या बंगलूरू पहुंच सकते हैं। 180 सीटर फ्लाइट में जैसे-जैसे सीटें बुक होती जाएंगी, इनका किराया भी बढ़ता जाएगा।
यह है इंडिगो एयरलाइंस का किराया
इंडिगो का हैदराबाद से कानपुर का किराया 3613 रुपये है, जबकि कानपुर से हैदराबाद का किराया 3659 रुपये है। इसी तरह कानपुर से बंगलूरू का किराया 2121 रुपये और बंगलूरू से कानपुर का किराया 2225 रुपये है। यह 15 अक्तूबर का किराया है, जो अभी बुक कराने में मिल जाएगा। कानपुर से हैदराबाद का हवाई सफर दो घंटे 15 मिनट का है और कानपुर से बंगलूरू का हवाई सफर करने में एक घंटा 20 मिनट लगेंगे।
यह है ट्रेन का किराया
अगर आप कानपुर से काचीगुडा के लिए यशवंतपुर स्पेशल एक्सप्रेस में सेकेंड एसी का टिकट बुक करेंगे तो 2810 रुपये देने होंगे। काचीगुडा स्टेशन हैदराबाद शहर का एक रेलवे स्टेशन है। इस समय यशवंतपुर स्पेशल एक्सप्रेस - 05023 ट्रेन चल रही है। ट्रेन से यह दूरी तय करने में 28 घंटे 05 मिनट लगते हैं, जबकि गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस से ही कानपुर से यशवंतपुर जाने में सेकेंड एसी में 3400 रुपये खर्च होने होंगे। इसका सफर भी 41 घंटे 35 मिनट का है।