कानपुर। तीन दिन से गड़बड़ चल रहा सर्वर शुक्रवार को ठीक हुआ तो एक ही दिन में करीब 30 हजार सिलिंडरों की बुकिंग हो गई। आम दिनों में 15 हजार बुकिंग होती है। अचानक बढ़े दबाव से शहर की गैस एजेंसियों पर हालात बेकाबू हो गए। कई जगह लोगों को सुबह से शाम तक लंबी लाइन में खड़े रहना पड़ा।
बीते तीन दिनों से सर्वर खराब रहने के कारण हजारों उपभोक्ता गैस बुक नहीं करा पा रहे थे। गैस की किल्लत को सुनकर लोग एक साथ गैस बुकिंग करानी शुरू कर दी। इससे एजेंसियों पर भारी दबाव बन गया और सिलिंडर वितरण की व्यवस्था चरमरा गई थी। इस कारण गुरुवार को 15 से अधिक गैस एजेंसियों के पास सप्लाई नहीं पहुंची थी जिससे लोग और परेशान हो गए थे। शुक्रवार को कुछ एजेंसियों पर सिलिंडर की गाड़ियां पहुंचीं, तब जाकर थोड़ी राहत मिली।
सबसे ज्यादा मारामारी शहर की मलिन बस्तियों के आसपास की गैस एजेंसियों और ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रही है। यहां लोग घंटों लाइन में खड़े होकर सिलिंडर का इंतजार कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं को नंबर आने से पहले ही सिलिंडर खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया गया। एलपीजी वितरण संघ के अध्यक्ष भारतीष मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को ज्यादा समस्या नहीं रही। सर्वर चालू होने से पूरी तरह से समस्या खत्म नहीं हुई है। सर्वर की धीमी गति के कारण बुकिंग में दिक्कतें जारी हैं। कई लोग बार-बार प्रयास के बाद भी बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं और सीधे एजेंसियों में पहुंच रहे हैं। इस कारण भीड़ बढ़ रही है।
कालाबाजारी पर पूरी तरह सख्ती है। टीमें लगातार जांच कर रही हैं। अब एजेंसी संचालक भी किसी भी तरह की कालाबाजारी नहीं कर सकेंगे। ओटीपी व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। -राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी