अफगानिस्तान में फंसी हिना और उसके बच्चों की वापसी पर संकट आ गया है। अफगानिस्तान में जन्म लेने वाले हिना के दो बच्चों के कोई भी प्रमाण पत्र नहीं है। ऐसे में सभी की वापसी करना मुश्किल हो रहा है।
क्योंकि रिकॉर्ड के मुताबिक जब वह भारत से अफगानिस्तान गई थी तो उनका एक ही बच्चा था। अन्य किसी बच्चे का कोई रिकॉर्ड नहीं है। अगर जन्म प्रमाण पत्र आदि होते तो अफगानिस्तान में उनके पासपोर्ट आदि बन जाते तो वापसी में कोई दिक्कत न होती।
हिना ने वकील नईम खान को मैसेज कर बताया कि उनका बड़ा बेटा भारत में पैदा हुआ था। उसका पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज हैं। अफगानिस्तान में एक बेटा फाहद व बेटी परी ने जन्म लिया है। दोनों का जन्म घर पर ही दाई ने कराया था।
इसलिए इन दोनों बच्चों के कोई दस्तावेज नहीं है। जबकि विदेश मंत्रालय ने नईम खान से संपर्क कर सभी के पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज मांगे हैं। इसके अलावा हिना का मोहम्मद गनी के साथ हुए निकाह के भी कोई प्रमाण पत्र नहीं हैं। पूरे प्रकरण की जानकारी विदेश मंत्रालय को दी जाएगी।