हमीरपुर में जिला महिला अस्पताल के लेबर रूम में प्रसूता महिलाओं का वीडियो वायरल होने के मामले में अब दोषियों पर कार्रवाई की गेंद प्रदेश के महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के पाले में है। चित्रकूटधाम मंडल के अपर स्वास्थ्य निदेशक की तरफ से स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजी गई आठ पेज की जांच रिपोर्ट पर भी लोगों की निगाहें लगी हुई हैं।
माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट का संज्ञान लिया गया तो महिला अस्पताल की सीएमएस और वीडियो वायरल करने वाले डॉक्टर पर भी निलंबन या तबादले की कार्रवाई हो सकती है। महिला अस्पताल में डाक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के आपसी झगड़े के चलते बनाए गए वीडियो में लेबर रूम में मौजूद प्रसूता महिलाओं को भी कैमरे में कैद कर इसे सोशल मीडिया में वायरल किए जाने का मुद्दा तूल पकड़े हुए है। अमर उजाला में लगातार प्रकाशित हो रही खबरों का संज्ञान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने भी लिया है।