कानपुर में पुलिस विभाग पर बदनामी का दाग लगाने वाले दो दरोगा व हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया। प्रकरण की जांच अधिकारियों को सौंपी गई है, जिसके बाद पुलिस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है। फीलखाना थाने में तैनात दरोगा आत्माराम वर्मा ने अपना एक वीडियो वायरल किया। वीडियो में दरोगा ने बताया कि उसके साथ अन्याय हो रहा है।
चौकी का कमरा खाली कराने को लेकर एक एसआई, कांस्टेबल उसे परेशान कर रहे हैं। उन पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। वहीं, डीसीपी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल करने वाला दरोगा खुद ही विवादित है। उसने चौकी के कमरे में कब्जा कर रखा है। दरोगा को लाइन हाजिर किया गया है। जांच एसीपी कोतवाली को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दूसरी ओर महाराजपुर में एक युवक का मोबाइल कुछ दिन पहले चोरी हो गया था। चकेरी थाने में तैनात दरोगा राहुल कुमार और सिपाही अमित कुमार ने मोबाइल चोर को पकड़कर उससे 30 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया था। डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में आरोप सही पाए गए। दोनों को लाइन हाजिर किया गया। जांच कराई जा रही है।