कन्नौज जिले के तेराजाकेट में नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म का आरोपी युवक पुलिस का हाथ छुड़ाकर भाग गया। भागने के दौरान उसका तमंचा गिर गया। आरोपी युवक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
करीब ढाई माह पहले 15 अक्तूबर की सुबह गांव का ध्रुवचंद्र इंटर की नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। छात्रा के पिता ने आरोपी के खिलाफ गुरसहायगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की सख्ती के चलते कुछ दिन पहले ध्रुवचंद्र छात्रा को सुबह गांव के किनारे छोड़ गया था।
पुलिस ने छात्रा का चिकित्सीय परीक्षण कराकर न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए थे। छात्रा के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी कर दी। मंगलवार देर रात चौकी इंचार्ज मुकेश राणा ने मुखबिर की सूचना पर सिविल ड्रेस में आरोपी को उसके घर के बाहर दरवाजे से पकड़ लिया।
पुलिस उसे कुछ दूर लेकर चल पाई कि वह हाथ झटककर भाग निकला। लोगों के मुताबिक आरोपी के पास तमंचा भी था। यह भागते समय गिर गया। पुलिस तमंचा उठाने लगी तब तक आरोपी दूर निकल गया। चौकी इंचार्ज मुकेश राणा का कहना है कि सिपाही की लापरवाही से आरोपी युवक हाथ छुड़ाकर भागा है। वह गांव में ही किसी के घर में घुस गया। आरोपी युवक के पास से तमंचा मिलने की बात सही नहीं है।