कानपुर-इटावा हाईवे पर बुधवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत होली गांव के पास गश्त कर रहे पुलिस के पीआरवी वाहन में एक डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में यातायात उप निरीक्षक दिनेश भदौरिया (58) निवासी आगरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन चालक समेत दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात करीब साढ़े आठ बजे हाईवे से गुजर रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया था। बताया जा रहा है कि डंपर का टायर अचानक फट गया, इससे चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे गश्त कर रहे पुलिस वाहन में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों में सिपाही एपी मनोज कुमार (46) निवासी जिला झांसी के कस्बा मोठ और चालक सुरेश कुमार (38) निवासी नई बस्ती गौरादेवी जिला हमीरपुर को जिला अस्पताल ले जाया गया।