बिल्हौर। सोमवार दोपहर जीटी रोड पर डीसीएम ने एक बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार दो युवकों में एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तत्काल सीएचसी ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने कानपुर के हैलट अस्पताल में रेफर किया है। मृत युवक कन्नौज के तेजापुर गांव का रहने वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था।
कन्नौज जिले के तेरामल्लू तेजापुर गांव निवासी अजीत कटियार(26) पुत्र अनिल कटियार बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के रहीमपुर-करीमपुर गुरधरा गा्ंव में अपनी रिश्तेदारी में रहकर खेतीबाड़ी का काम करता था। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर तीन बजे के करीब को अजीत अपने गांव के ही रहने वाले दोस्त सचिन कटियार के संग बाइक पर सवार होकर बिल्हौर से कन्नौज जा रहे थे। जीटी रोड मकनपुर तिराहे के समीप ओवरटेक के प्रयास में कानपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में अजीत और सचिन बाइक सहित उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना के समय अजीत हेलमेट नहीं लगाए थे इसलिए सिर पर गंभीर चोटे आने से काफी खून घटनास्थल पर ही बह गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी बिल्हौर भेजा, जहां डाक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया। जबकि सचिन का प्राथमिक उपचार कर उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।