यूएसए में जुलाई में हुए स्पेशल ओलंपिक में शहर के अभ्यांश ने सौ और दो सौ मीटर की साइकिल रेस में कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। कोच कृष्णा शर्मा ने बताया कि अभ्यांश छह अगस्त को भारत पहुंचेगा और अगले दिन शहर आ जाएगा।
शिवाला निवासी अभ्यांश शुक्ला बाल भवन में स्पास्टिक सेंटर का छात्र है। साइकिल चलाने का बचपन से ही शौक था। स्पास्टिक सेंटर इंचार्ज मीना नरौना ने बताया कि उसका एनर्जी लेवल काफी अच्छा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भोपाल में हुए नेशनल इंडियन स्पेशल ओलंपिक में भी अभ्यांश ने गोल्ड मेडल जीता था।
अभ्यांश की इस उपलब्धि पर पिता अजय शुक्ला और मां कल्पना ने भी खुशी जाहिर की है। स्पेशल ओलंपिक- स्पेशल ओलंपिक मंदबुद्धि बच्चों के लिए होता है। हर साल होने वाली इस प्रतियोगिता में नेशनल इंडियन स्पेशल ओलंपिक में जीतने वाले बच्चों को इसमें खेलने का मौका मिलता है।