कई दिनों से कॉलेज में ला रहा था तमंचा
विद्या भवन इंटर कॉलेज के छात्रों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी छात्र कई दिनों से तमंचा लेकर आ रहा था। आए दिन कई छात्रों को दिखाता भी था, लेकिन धमकी के कारण कई छात्र इसकी जानकारी देने की हिम्मत नहीं जुटा सके। बुधवार को दूसरी कक्षा के छात्रों को तमंचा बैग में दिखा धमकाने का प्रयास किया। इसके बाद मामले की सूचना प्रधानाचार्य को दी।
कई वर्षों से हाईस्कूल में फेल हो रहा
अरौल विद्या भवन इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के छात्र के तमंचा लाने के मामले में प्रबंधक प्रकाश नारायण पांडेय ने बताया कि आरोपी छात्र कई बार फेल हो चुका है, लेकिन अभिभावकों की प्रार्थना पर शिक्षकों ने उसे इसबार आखिरी मौका दिया था। लेकिन उसकेतमंचा लाने से छात्र ही नहीं बल्कि शिक्षक व अन्य स्टाफ भी हतप्रभ है।
तमंचा दिखाकर कहता था, गोली मार दें
छात्रों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कक्षा में शिक्षकों के पढ़ाने के दौरान आसपास बैठे सहपाठियों को बैग में रखा तमंचा दिखाकर आरोपी छात्र कहता है, बोलो गोली मार दें। रौब झाड़ने के लिए कई शिक्षकों का नाम लेकर वह अपने सहपाठियों से आए दिन कहता था यदि टीचर ने उन्हें हाथ भी लगाया तो तमंचा से काम तमाम कर देगा। वहीं, तमंचा छात्र के घर कैसे पहुंचा, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को देखते ही रोने लगा छात्र
तमंचा-कारतूस लाने की सूचना पर प्रधानाचार्य ममता सिंह ने पुलिस को कॉलेज में बुलाया। पुलिस को देखकर आरोपी छात्र फूट-फूट कर रोने लगा और दोबारा ऐसा न करने की बात कहते हुए माफी मांगने लगा। लेकिन पुलिस गाड़ी में बिठाकर थाने ले गई।