मृतक मोहित का फाइल फोटो। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। मंगलपुर क्षेत्र के कमलाबाग गांव में रविवार को खेलते समय एक बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। गड्ढा मोबाइल टावर लगाने के लिए खोदा गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
कमलाबाग गांव के आंबेडकर पार्क के पीछे एक मोबाइल कंपनी का टावर लगाया जाना है। जेसीबी से पिछले दिनों इसके लिए तय स्थान पर गड्ढा खोदा गया था। शनिवार को हुई बारिश से गड्ढे में पानी भर गया। रविवार की सुबह मोहल्ले के कुछ बच्चों के साथ अनिल का पुत्र मोहित (7) गड्ढे के पास ही खेल रहा था। इस दौरान पैर फिसलने से वह गड्ढे में जा गिरा।
अन्य बच्चों ने मोहित के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और मोहल्ले के लोगों की मदद से मोहित को पानी से बाहर निकालकर झींझक सीएचसी ले गए। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनहोनी पर मां देवकी, पिता अनिल व बड़ा भाई आयुष बिलखने लगे। पिता की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मंगलपुर थाने के दरोगा संजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिक सूचना दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर देहात में मोहित की मौत पर बिलखते परिजन। (संवाद)- फोटो : AKBARPUR