अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बकेवर कस्बे के नेशनल हाईवे पर पूर्वी तिराहे के पास स्कार्पियो सवार लुटेरों ने ऑटो को ओवरटेक कर चालक की कनपटी पर पिस्टल सटाकर 22700 रुपये और मोबाइल लूट लिया। चालक जब तक शोर मचा पाता, लुटेरे फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पुलिस ने लुटेरों की खोजबीन भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
इटावा के तुलसी नगर फ्रेंड्स कालोनी निवासी राहुल पुत्र महेंद्र सिंह कुशवाहा बुधवार की सुबह थ्री व्हीलर पर सर्वेश आयरन स्टोर से प्लास्टिक के बोरिंग पाइप लादकर महेवा स्थित कुलदीप आयरन स्टोर पर लेकर आया था। कुलदीप आयरन स्टोर से पाइप के 22700 रुपये और भाड़ा लेकर इटावा लौट रहा था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे बकेवर कस्बे के नेशनल हाईवे स्थित पूर्वी तिराहे को पार करते ही पीछे से काले रंग की स्कार्पियो सवार लुटेरों ने ऑटो को ओवरटेक कर रोक लिया। स्कार्पियों में सवार चारों लुटेरे नीचे उतरे और एक ने चालक राहुल की कनपटी पर पिस्टल सटा दिया। उसके पास रखे पाइप और भाड़े के 22700 रुपये व उसका मोबाइल लूटकर औरैया की ओर भाग गये।
लूट का शिकार हुए थ्रीव्हीलर चालक ने इसकी सूचना पुलिस के 100 नंबर को दी। इस पर बकेवर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक से पूछताछ करने के बाद जिले के बार्डर पर औरैया जिले की अनंतराम पुलिस को अलर्ट कर लुटेरों की खोजबीन भी की, लेकिन पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस लूट की घटना की जांच कर रही है।
आटो चालक को लूटा
स्कार्पियो सवार बदमाशों ने की वारदात