अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। कस्बा लखना-चकरनगर मार्ग पर रेंज कोठी के पास लखना से बाजार कर साइकिल से जा रही दो युवतियों पर ईटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इस हादसे में एक युवती की मौत, जबकि दूसरी घायल हो गई। घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार की दोपहर करीब एक बजे लखना-चकरनगर मार्ग पर रेंज कोठी के समीप लखना की ओर से चकरनगर जा रहे ईटों भरे ओवरलोड ट्रैक्टर का अचानक संतुलन बिगड़ जाने से साइकिल से लखना से बाजार करके वापस गांव बरौली जा रही अंजना पाल पुत्री बरनाम सिंह निवासी नगला गिरेंद लवेदी व नीलम उर्फ नीलू पाल पुत्री लल्लू सिंह निवासी बरौली लवेदी के ऊपर ट्राली पलट गई।
इससे दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होता देख राहगीर मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी के आरक्षी ओमकार सिंह, बलजीत सिंह, कबित कुमार, विष्णु ने पहुंचकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अंजना पाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर ट्रैक्टर को सीधा करके थाने में खड़ा करा दिया। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग जाने में सफल रहा।
ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, युवती की मौत
साइकिल पर सवार होकर गांव जा रही थी दोनों युवतियां, दूसरी घायल भर्ती