कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नहीं आ पाने पर कलक्ट्रेट मैदान में जनप्रतिनिधियों ने बटन दबाकर शुक्रवार को जनपदवासियों को 638.55 करोड़ रुपये की 87 परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं से रोजगार व व्यापार को गति मिलेगी। जनपद में लोगों को आवाजाही में आसानी होगी।
सिकंदरा स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में गैर जनपदों से आने वाली छात्राओं को रात में रुकने की बहुत समस्या होती है। किराये पर कमरा लेकर रहना पड़ता है। शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या से निजात दिला दी। पॅालीटेक्निक में 60 बेड के महिला छात्रावास का लोकार्पण किया गया।
वहीं, रनियां के खानचंद्रपुर में सालों से लोग क्रोमियमयुक्त पानी की समस्या से जूझ रहे थे। इससे निजात दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने खानचंद्रपुर में ग्रामीण पेयजल योजना का लोकार्पण किया। हालांकि यहां कुछ माह पहले से ही लोगों को पेयजल की सुविधा दी जा रही थी, लेकिन शुक्रवार को अधिकारिक रूप से इसकी घोषणा हुई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने 140.28 करोड़ की 35 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल में आगे बढ़ाने के लिए पुखरायां में मिनी स्टेडियम का निर्माण, रूरा शिवली मार्ग का चौड़ीकरण, रायपुर गजनेर मार्ग से ब्लॉक सरवनखेड़ा तक टू लेन मार्ग, डेरापुर में आईटीआई, जिला चिकित्सालय को उच्चीकृत कर राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना सहित 498.27 करोड़ रुपये के 52 कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर एमएसएमई के केंद्रीय राज्यमंत्री भानू प्रताप वर्मा, कानून मंत्री बृजेश पाठक, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, विधायक निर्मला संखवार, विनोद कटियार, प्रतिभा शुक्ला सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
राष्ट्रपति के गांव का भी होगा विकास
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख व मजरे में 6.50 करोड़ रुपये से सीसी सड़क व नाली का निर्माण होगा। इससे ग्रामीणों को आने-जाने की सुविधा मिलेगी और हर बारिश में होने वाले जलभराव से निजात मिलेगी।