बांदा। अव्यवस्थाओं के बीच अन्न महोत्सव की धूम रही। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत जिले की 556 राशन दुकानों में बृहस्पतिवार को पीएम-सीएम के फोटोयुक्त थैले में आठ हजार से ज्यादा गरीब पात्रों को मुफ्त राशन बांटा गया। तमाम गरीब पात्र कीमती मोबाइल लेकर और वाहनों से मुफ्त राशन लेने पहुंचे। शहर की चार व ग्रामीण क्षेत्र की 22 दुकानों में जन प्रतिनिधियों व अफसरों की मौजूदगी में अन्न महोत्सव मनाया गया।
वितरण से पूर्व तकरीबन 30 मिनट तक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण सुनना पड़ा। कहा गया कि शासन द्वारा संचालित इस योजना का लाभ गरीबों को मिलेगा। शहर के जरैली कोठी स्थित अजय की राशन की दुकान में जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने गरीबों को राशन का वितरण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। यहां टीवी पर लोगों ने पीएम व सीएम का लाइव संबोधन सुना। डीएम ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान सरकार ने गरीब व निर्धन व्यक्तियों को प्रति यूनिट पांच किलो राशन निशुल्क देने की व्यवस्था शुरू की थी। अब कोटे से राशन थैलों में दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, उप निदेशक (सूचना) भूपेंद्र सिंह यादव, एआरओ सलीम खां, भाजपा नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महामंत्री संतोष राजपूत, नोडल अधिकारी विमलचंद्र औरजगरूप यादव आदि मौजूद रहे। निम्नीपार में विष्णु गुप्ता की राशन की दुकान में भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद व पूर्व पालिकाध्यक्ष विनोद जैन ने राशन वितरण किया।
कटरा कर्बला रोड स्थित सुशील कुमार की राशन की दुकान में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत खाद्य उपायुक्त राधेरमण शुक्ला, नोडल चंद्र विमोहन, लिपिक (पूर्ति विभाग) हसीब मौजूद रहे। छोटी बाजार (खिन्नी नाका) में सुशील गुप्ता की दुकान में सभासद, बंगालीपुरा में सोनी गुप्ता की दुकान में नोडल अधिकारी रत्नेश गुप्ता, भाजपा नगर उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बन्योटा रवि ओमर की दुकान में नोडल अधिकारी व डीसीडीएफ में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बद्री विशाल त्रिपाठी, डीसीडीएफ अध्यक्ष सुधीर सिंह, मंडल उप निबंधक दीपक सिंह, सहायक निबंधक नरेंद्र की मौजूदगी में मुफ्त अनाज थैलों में वितरण किया गया। शहर की अन्य दुकानों में भी राशन का वितरण किया गया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहला हटेटी पुरवा में गरीब पात्रों को पीएम-सीएम के फोटो वाले थैलों में मुफ्त राशन बांटा। सीडीओ वेद मौर्या, पूर्ति निरीक्षक प्रशांत सिंह, अनुरुद्ध त्रिपाठी (दद्दा), अभिषेक शिवहरे, ग्राम प्रधान ओम निषाद, बाबू यादव, अनिल त्रिपाठी, रमेश रावत आदि मौजूद थे।