निन्हौरा से मडैया गांव को जोड़ने वाला खडंजा मार्ग। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। राजपुर ब्लाक क्षेत्र की 32 ग्राम पंचायतों में सालों से चली आ रही पानी की समस्या से जल्द ही लोगों को निजात मिलने वाली है। इन ग्राम पंचायतों में पानी की 47 टंकी का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही नौ गांवों में इंटरलाकिंग सड़क बनाई जाएगी। इससे इन गांवों की करीब 70 हजार से अधिक आबादी को फायदा होगा। इस पर करीब एक करोड़ 72 लाख रुपये खर्च होंगे।
ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसधान में ग्रामीण सुबह से हैंडपंप में घंटों लाइन लगाकर पानी लेते हैं। कई बार जल्दबाजी में झगड़े तक की नौबत आ जाती है। ग्रामीणों की इस समस्या से जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। ग्राम पंचायत रसधान में पानी की दो टंकी बनाई जाएगी।
इसी तरह जल्लापुर, ओड़ैरी, रोहिनी, रतापुर, अफसरिया, भाल, निन्हौरा, बुधौली सहित अन्य 32 ग्राम पंचायतों में टंकी बनवाकर लोगों को पेयजल की सुविधा दी जाएगी। एक टंकी के निर्माण पर 1.89 लाख रुपये खर्च होेंगे। टंकी में एक बार में 500 लीटर पानी भरा जा सकेगा।
जैसे-जैसे पानी खत्म होगा वैसे ही वहां लगी मोटर से टंकी फिर भर जाएगी। इनमें विद्युत कनेक्शन सरकारी नलकूप या फिर सचिवालय से दिया जाएगा। इसके साथ ही ब्लॉक के नौ गांवों में लगे खड़ंजे को हटवाकर वहां अब इंटरलाकिंग सड़क बनाई जाएगी। टंकी व इंटरलाकिंग सड़क बनने से करीब 70 हजार से अधिक आबादी को सुविधा मिलेगी।
इन गांवों में बनेगी इंटरलाकिंग सड़क
ग्राम मिरगांव के मुगलपुरा में काली माता मंदिर से कुचैता तिराहे तक, ग्राम खलासपुर से कमालपुर रोड मार्ग तक इंटरलाकिंग लगाई जाएगी। दयानतपुर में जगमोहन गौतम के घर से रमेश के घर तक तथा निन्हौरा से मड़ैया गांव को जोड़ने वाला खड़ंजा मार्ग पर इंटरलाकिंग सड़क बनेगी।