चित्रकूट। बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को बुखार पीड़ित पांच साल की बालिका को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे तो इलाज के पूर्व ही उसकी मौत हो गई। एक अज्ञात को पुलिस ने बुखार पीड़ित होने पर भर्ती कराया था।उसकी भी मौत हो गई है। सोमवार को चार बुखार पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी थाना क्षेत्र के सालिगपुर निवासी पंचायत मित्र शिवमूरत अपनी पांच साल की बीमार पुत्री अंजलि का इलाज कराने सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचा लेकिन इलाज शुरु होने के पूर्व ही उसकी मौत हो गई।
मृतका तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। इसके बाद परिजन उसके शव को गांव ले गए। इसके अलावा सोमवार की सुबह मुख्यालय के पुरानी बाजार में सड़क किनारे बीमार पड़े एक 45 वर्षीय अज्ञात को जिला अस्पताल में भर्ती कराय गया था। जिसे बुखार की शिकायत बताई गई लेकिन उसे कोई पहचान नहीं पाया। उसकी अस्पताल में ही मौत हो गई।
इसके अलावा जिला अस्तपाल में तरौंहा के शिवदत्त, गोंडा की कलावती, खोहर के धर्मराज व कसहाई के रामलाल को बुखार की शिकायत पर भर्ती कराया गया है।