घाटमपुर के कुआंखेड़ा चौकी क्षेत्र में एसटीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने डीसीएम से बोरों में धान की भूसी के बीच छिपाकर अवैध रूप से बिहार ले जाई जा रही 350 पेटी शराब बरामद की। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
पकड़ी गई शराब की कीमत 35 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रयागराज एसटीएफ को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि तस्कर चंड़ीगढ़ के डेराबस्ती से डीसीएम में धान की भूसी से भरे बोरों में शराब की पेटियां छिपाकर वाया मुगल रोड से जिला दरभंगा, बिहार जा रहे हैं।
एसटीएफ प्रभारी नवेंदु कुमार ने सजेती पुलिस से संपर्क साधकर चेकिंग अभियान शुरू किया। मंगलवार सुबह मुगल रोड पर भदवारा गांव के पास स्थित शताब्दी ढाबा के पास एक डीसीएम खड़ी होने की सूचना मिली। एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने उसमें चेकिंग की।
विज्ञापन
इस दौरान डीसीएम में धान की भूसी में छिपाई गई चंडीगढ़ निर्मित 350 पेटी शराब बरामद हुई। टीम ने डीसीएम में मिले जिला अलीगढ़ के थाना पाली मुकीमपुर के गांव लहास्की निवासी रावेंद्र सिंह व साथी सचिन निवासी गांव बरूआ, थाना बिधूना, जिला औरैया को पकड़ लिया।
उन्होंने पूछताछ के दौरान टीम को कागजात भी दिखाए। जो जांच में फर्जी निकले। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। टीम में एसओ रावेंद्र मिश्र, क्षेत्रीय एसटीएफ के एसआई रणेंद्र सिंह और आबकारी निरीक्षक व सिपाही रहे।