कानपुर को और स्मार्ट बनाने के लिए मंगलवार को कानपुर स्मार्ट सिटी कारपोरेशन की बोर्ड बैठक हुई, इसमें 31 प्रोजेक्टों को पास किया गया। करीब 100 करोड़ रुपये से शहर के विकास का खाका खींच गया। मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में हुई 14वीं बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले भी लिए गए।
विज्ञापन
बैठक में पास प्रस्तावों में 3.5 करोड़ से बड़ा चौराहे का विकास एवं सौंदर्यीकरण, 3.57 करोड़ के ग्रीन पार्क विजिटर गैलरी (चरण 2), 5.5 करोड़ के ग्रीन पार्क में बैडमिंटन व टेबल टेनिस और जिम हॉल का विकास, 3 करोड़ से चुन्नीगंज कन्वेंशन सेंटर के चारों तरफ स्मार्ट रोड का निर्माण, 6 करोड़ से आनंदेश्वर मंदिर के आसपास सार्वजनिक स्थानों का विकास शामिल है।
बनेंगे 30 स्मार्ट बस स्टॉप, होगा एप
कुछ दिन पहले मंडलायुक्त ने ई-बस का सफर किया था, तब उन्होंने देखा था कि ई बसों के लिए स्टॉप काफी कम हैं। इसी के मद्देनजर ई बस सेवा को और बेहतर बनाने के लिए 4 करोड़ की लागत से केएससीएल के साथ मिलकर 30 स्मार्ट बस स्टॉप का निर्माण किया जाएगा। 80 लाख से ई बस एप बनाकर उसका स्मार्ट सिटी के कमांड सेंटर से लिंक किया जाएगा।
विज्ञापन
कई पार्कों की बदलेगी सूरत
बोर्ड ने शहर के कई पार्र्कों को खूबसूरत और उपयोगी बनाने के लिए कई बड़े फैसले लिए। 5 करोड़ से दस पार्कों में ओपन जिम व पार्कों का विकास किया जाएगा। नानाराव पार्क में चार करोड़ से ऑटोमेटेड फुट ओवर ब्रिज, फूलबाग के पास एबीडी क्षेत्र में दो करोड़ से नौका विहार के अलावा 3.5 करोड़ से तुलसी उपवन का सौंदर्यीकरण और 50 लाख से कारगिल पार्क में नौका विहार की सुविधाओं के विकास के लिए प्रोजेक्ट मंजूर किया गया है। वहीं, विजिटर गैलरी की निजी भागीदारी के माध्यम से सुविधाओं का बेहतर संचालन और रख रखाव के लिए प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर, कलेक्ट्रेट में मल्टी लेवल पार्किंग, मोतीझील में वेंडर कियोस्क, ग्रीन पार्क में बैडमिंटन कोर्ट और जिम। नाना राव पार्क में बन रहे स्विमिंग पूल को निजी संस्था के माध्यम से चलाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
छह सरकारी भवनों में लगेंगे सोलर प्लांट
बैठक के दौरान बोर्ड ने 2 करोड़ की लागत वाले ठोस कचरा प्रबंधन के लिए बीस वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन के अलावा एबीडी क्षेत्र में 6 सरकारी भवनों में स्थापित बड़े सोलर बिजली उत्पादन संयंत्र की स्थापना, स्लम क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं का विकास, एबीडी क्षेत्र में संकेतक, चिह्न और अन्य सुरक्षा उपायों को मंजूरी दी है। वहीं, नगर निगम में फेशल अटेंडेंस रिकग्निशन सिस्टम लगाया जाएगा जिससे कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
आईआईटी बनेगा तकनीकी सहायता समूह
बोर्ड ने अगले 2 वर्षों के लिए कानपुर स्मार्ट सिटी की आईसीसीसी परियोजना के लिए आईआईटी कानपुर को तकनीकी सहायता समूह के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। साथ ही यह आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर) में उपलब्ध सुविधाओं के बेहतर उपयोग में मदद करेगा और आईटीएमएस व यातायात प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग में भी सहयोग देंगे। आईआईटी की नॉन प्रॉफिट कंपनी फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (फर्स्ट) के साथ एमओयू को भी मंजूरी दी है। फर्स्ट कंपनी नॉन रिसाइकिल प्लास्टिक कचरे का प्रयोग कर फर्नीचर और अन्य निर्माण उत्पादों को बनाने में सहयोग करेगी।
निगरानी के लिए समिति गठित
बोर्ड ने पालिका स्टेडियम के संचालन, प्रबंधन और रख रखाव के लिए एजेंसी के चयन को भी मंजूरी दी। निगरानी के लिए एक समिति गठित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में डीएम कानपुर विशाख जी, नगर आयुक्त शिव शरणप्पा, वीसी केडीए अरविंद सिंह, डीसीपी ट्रैफिक बीजीटीएस मूर्ति, नीरज श्रीवास्तव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।