कानपुर देहात। जिले के आठ केंद्रों में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व कोविड प्रोटोकॉल के तहत बीएड की प्रवेश परीक्षा कराई गई। कुल 2380 में 2122 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 258 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की तरफ से परीक्षार्थियों के लिए भेजी गई कोविड किट का वितरण किया गया।
बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर, महामाया राजकीय पॉलीटेक्रिक कालेज अकबरपुर, रामस्वरुप ग्रामोद्योग महाविद्यालय पुखरायां, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुखरायां, अकबरपुर महाविद्यालय व अकबरपुर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को संपन्न हुई। पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दो से पांच बजे तक परीक्षा हुई।
परीक्षा में कोविड नियमों का पालन करते हुए परीक्षार्थियों को दूर-दूर बैठाया गया। एएसपी घनश्याम चौरसिया, एसडीएम राजीवराज, सीओ अरुण कुमार, इंस्पेक्टर तुलसीराम ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों में मौजूद रहे। सीसीटीवी की निगरानी में नकल विहीन परीक्षा कराई गई। परीक्षार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की तरफ से कोविड किट भेजी गई थी जिसे गेट पर ही वितरित किया गया।
किट में मास्क, सैनिटाइजर था। परीक्षा के दौरान सचल दलों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा के नोडल अफसर भुवनेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हो गई है। आठ केंद्रों पर कुल 2380 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें से में 2122 ने एग्जाम दिया वहीं 258 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।