कानपुर देहात। औद्योगिक क्षेत्र में मिलावटी तेल जमा होने की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को मंटोरा पुल के पास खाली प्लॉट में छापा मारा। पुलिस ने मौके से 20 ड्रम संदिग्ध तेल जब्त कर जांच शुरू की है।
एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को सर्विलांस प्रभारी प्रवीण यादव, एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा, रनियां थानाध्यक्ष दिनेश गौतम ने टीम के साथ प्रेमनगर व मंटोरा पुल के बीच स्थित एक खाली प्लॉट में छापा मारा। टीम को मौके पर 20 ड्रम में करीब 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद हुआ है। इसपर मौके पर खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को बुलाकर संदिग्ध तेल के नमूने भरवाकर जांच के लिए लैब भिजवाए गए हैं। फिलहाल बरामद तेल को जब्त कर लिया गया है। मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।