कानपुर के डाक्टर ने नर्स से की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज
पीड़िता आवास-विकास कालोनी स्थित नर्सिंगहोम में नर्स है, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मेडिकल के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। आवास-विकास कालोनी स्थित एक नर्सिंगहोम के डाक्टर ने नर्स के साथ छेड़छाड़ कर दी। नर्स ने इसकी शिकायत यूपी 100 को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। नर्स की तहरीर पर पुलिस ने डाक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी डाक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया।
कन्नौज के थाना गुरसहायगंज निवासी युवती फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में किराए पर रहती है। युवती आवास-विकास कालोनी स्थित नर्सिंगहोम में नर्स है। युवती का आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत बाल रोग विशेषज्ञ ने रविवार दोपहर उसे केबिन में बुलाया और आपत्तिजनक हरकतें की। विरोध करने पर उसे रुपये और बेहतर नौकरी दिलाने का लालच भी दिया। किसी प्रकार वह डॉक्टर के चुंगल से छूट कर भाग निकली और यूपी 100 को फोन किया। पीड़ित युवती को पुलिस कोतवाली ले गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर विपिन मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। अस्पताल के संचालक ने बताया कि डॉक्टर ने नर्स को डांट दिया था। उसने बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। उन्होंने ने बताया कि डॉक्टर उनके यहां 3,4,5 जनवरी को लगने वाले शिविर में आए हैं। वह कानपुर में प्रेक्टिस करते हैं। उधर, कोतवाल संजीव राठौर ने बताया कि युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया।