पिछले लगभग दस माह से जिस वैश्विक महामारी कोरोना ने जनजीवन से लेकर अर्थव्यवस्था तक पटरी से उतार दी थी, उसी कोरोना के खात्मे की उम्मीद के साथ वैक्सीन बुधवार देर रात हरदोई पहुंच गई। पहली खेप में जनपद को 17 हजार वैक्सीन मिली हैं।
अब 16 जनवरी से जनपद में भी टीकाकरण की शुरूआत होने की उम्मीद भी बलवती हो गई है। कोरोना की वैक्सीन को भारत सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद टीकाकरण जल्द से जल्द शुरू कराए जाने की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही थी। इस सबके बीच 16 जनवरी से टीकाकरण की शुरूआत किए जाने की घोषणा हो चुकी है।
जनपद में भी कोरोना टीकाकरण का दो बार पूर्वाभ्यास भी हो चुका है। बुधवार देर रात दो बड़े कोल्डबॉक्स में कोरोना की 17 हजार वैक्सीन जिले में पहुंच गईं। लखनऊ से आर्इं वैक्सीन को महाराणा प्रताप राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय के निकट स्थित जिला वैक्सीन स्टोर में रखवाया गया है।
वैक्सीन पहुंचने पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने इसे रिसीव किया और इस दौरान जिला कोल्ड चेन हैंडलर अंकित गुप्ता भी सक्रिय दिखाई दिए। जनपद में प्रथम चरण में 14,265 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा।