रसूलाबाद। तहसील क्षेत्र के वंशी निवादा में बुधवार को सत्यनारायण कथा के बाद वितरित प्रसाद खाने से गुरुवार सुबह गांव के करीब 15 लोग बीमार पड़ गए। लोगों को उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। बीमार लोगों में निजी वाहनों से सात को सीएचसी रसूलाबाद में भर्ती कराया गया।
वंशी निवादा निवासी अनिल सविता ने बताया कि गांव में शिवनाथ सविता के यहां कथा का आयोजन कराया गया था। बुधवार को कथा के समापन के बाद शाम को पंचामृत व पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया था। प्रसाद लेने के लिए गांव के लोग पहुंचे थे। बताया कि प्रसाद खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। गुरुवार सुबह कई लोगों की हालत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त आने पर गांव निवासी प्रभु दयाल (75), निशा (48) पत्नी शिवनाथ, अनिल (35) पुत्र जयराम, राखी (28) पत्नी रोहित, दिशा (15) पुत्री रोहित, मुस्कान (12) पुत्री संतराम, मोना (22) को रसूलाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर भर्ती कर सभी का इलाज शुरू किया गया। आठ लोगों की स्थिति सामान्य होने पर दवा देकर घर भेज दिया। वहीं, गांव के कुछ लोगों ने असालतगंज के निजी अस्पताल में इलाज करवाया।
सीएचसी के डॉ. बृजेश ने बताया कि सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया, अब सभी की हालत में सुधार है और कोई भी मरीज गंभीर नहीं है। इधर गांव में लोगों के बीमार पड़ने की जानकारी तहसील प्रशासन को दी गई। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम सर्वेश कुमार सिंह ने फूड इंस्पेक्टर को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि प्रसाद के सैंपल की जांच कराई जाएगी, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी बीमार लोगों की हालत सामान्य बताई जा रही है।