झींझक। रसूलाबाद-झींझक मार्ग पर गुरुवार सुबह गढ़िया घासीराम गांव के पास बाइक सवार सास-दामाद सड़क पर आए अन्ना मवेशी से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी झींझक में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने सास को मृत घोषित कर दिया।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के बरगांव तिस्ती निवासी जयवीर पुत्र बुद्धा गुरुवार सुबह बाइक से अपनी सास रानी (52) पत्नी रामखिलावन को उनके घर भड़ावल डेरापुर छोड़ने जा रहे थे। सुबह नौ बजे के करीब रसूलाबाद-झींझक मार्ग पर गढ़िया घासीराम गांव के पास पहुंचने पर उनकी बाइक सड़क पर आए अन्ना मवेशी से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने दोनों को सीएचसी झींझक पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान रानी देवी की मौत हो गई जबकि जयवीर की हालत में सुधार है। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को भड़ावल ले गए। मंगलपुर थानाध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।